भारत-नेपाल सीमा पर SSB की कार्रवाई, 59000 भारतीय और 1.30 लाख नेपाली रुपया के साथ 1 गिरफ्तार
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने एक व्यक्ति को 59 हजार भारतीय और 1.30 लाख नेपाली रुपये के साथ गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)
HighLights
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने की बड़ी कार्रवाई।
59 हजार भारतीय, 1.30 लाख नेपाली रुपये बरामद।
नेपाली नागरिक चंदन कुमार गुप्ता गिरफ्तार, कस्टम को सौंपा।
संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों और संदिग्ध आवागमन के खिलाफ एसएसबी द्वारा चलाए जा रहे अभियान के दौरान शनिवार को बड़ी कार्रवाई की गई।
नरपतगंज प्रखंड के बसमतिया थाना क्षेत्र अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा से सटे बेला गांव के समीप एसएसबी की गश्ती टीम ने एक व्यक्ति को बड़ी मात्रा में भारतीय और नेपाली मुद्रा के साथ गिरफ्तार किया। उसके पास से 59 हजार रुपये भारतीय मुद्रा तथा एक लाख 30 हजार नेपाली रुपये बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार, एसएसबी 56वीं वाहिनी बथनाहा के डी समवाय बेला के कार्यक्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 198/2 के समीप जवान नियमित गश्ती पर थे।
इसी दौरान भारत की ओर सीमा से करीब 50 मीटर की दूरी पर जवानों को नेपाल की तरफ से एक व्यक्ति भारतीय क्षेत्र में आता दिखाई दिया।
गश्ती दल ने संदेह के आधार पर उसे रोककर पूछताछ करते हुए तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से भारतीय और नेपाली मुद्रा बरामद हुए।

एसएसबी जवानों ने बरामद दोनों देशों की मुद्रा को जब्त करते हुए व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नेपाल के सुनसरी जिला अंतर्गत लोकही निवासी चंदन कुमार गुप्ता के रूप में हुई है।
एसएसबी अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद उससे सीमा पार से इतनी बड़ी मात्रा में भारतीय और नेपाली मुद्रा लेकर भारतीय क्षेत्र में आने के संबंध में पूछताछ की गई।
आवश्यक पूछताछ और कागजी प्रक्रिया पूरी कर गिरफ्तार व्यक्ति तथा बरामद मुद्रा को आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग फारबिसगंज को सुपुर्द किया गया।
कस्टम विभाग ने की कार्रवाई
कैंप प्रभारी ने बताया कि सीमा क्षेत्र में एसएसबी की गश्ती लगातार जारी है। बरामद मुद्रा के संबंध में कस्टम विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को लेकर जवानों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।
सीमा स्तंभों के आसपास भी लगातार निगरानी की जा रही है। बताते चलें कि इससे पूर्व भी भारत-नेपाल सीमा से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों में एसएसबी द्वारा बड़ी मात्रा में संदिग्ध भारतीय और नेपाली मुद्रा बरामद की जा चुकी है।
यह भी पढ़ें- अरवल में पति के सामने ऑटो से खींचकर पत्नी की गोली मारकर हत्या, गवाही देकर लौट रही थी महिला