Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नेपाल में सांप्रदायिक हिंसा के बाद भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट; अब ड्रोन से चप्पे-चप्पे पर SSB की नजर

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 05:59 PM (IST)

    नेपाल के सुनसरी जिले में सांप्रदायिक हिंसा के बाद भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अररिया जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में एसएसब ...और पढ़ें

    नेपाल के सुनसरी में हिंसा के बाद फुलकाहा सीमा पर बढ़ाई गई चौकसी, गश्ती दलों को विशेष सतर्कता के निर्देश

    नेपाल के सुनसरी में हिंसा के बाद फुलकाहा सीमा पर बढ़ाई गई चौकसी, गश्ती दलों को विशेष सतर्कता के निर्देश

    HighLights

    1. नेपाल हिंसा के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा कड़ी।

    2. अररिया सीमा पर एसएसबी द्वारा ड्रोन से निगरानी जारी।

    3. संदिग्ध गतिविधियों, अवैध आवागमन पर पैनी नजर।

    संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज गांवपालिका में हाल ही में हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों में सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों द्वारा लगातार विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।

    सीमा सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए अब पारंपरिक गश्ती के साथ-साथ अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। फुलकाहा और आसपास के संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में ड्रोन के जरिए चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी जा रही है।

    संदिग्ध गतिविधियों और अवैध आवागमन पर पैनी नजर

    एसएसबी की ओर से सीमा स्तंभों (Pillars) और सीमावर्ती गांवों के आसपास नियमित पैदल गश्त की जा रही है। ड्रोन कैमरों की मदद से उन इलाकों की निगरानी की जा रही है जहां पहुंचना चुनौतीपूर्ण होता है।

    नेपाल में हुई हिंसक घटनाओं के मद्देनजर सीमा पार से होने वाले किसी भी संभावित घुसपैठ, अवैध आवागमन और असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर नकेल कसने के लिए जवानों को मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है। सीमा से गुजरने वाले हर व्यक्ति और संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की जा रही है।

    सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, एसएसबी पूरी तरह अलर्ट: सहायक सेनानायक

    फुलकाहा बीओपी प्रभारी व सहायक सेनानायक राणा कुमार ने बताया कि सीमा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए एसएसबी पूरी तरह सतर्क है। ड्रोन के माध्यम से 24 घंटे हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध सूचना मिलने पर तत्काल जांच कर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

    खबरें और भी

    उन्होंने कहा कि नेपाल की हिंसा का असर भारतीय सीमावर्ती क्षेत्रों में न पड़े, इसके लिए सुरक्षा एजेंसियां आपस में समन्वय बनाकर काम कर रही हैं। अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है।