Hyundai Creta N Line Review: शहर और हाइवे पर कितनी बेहतर है एसयूवी, क्या खरीदने में होगा फायदा?
Hyundai Creta N Line Review: हुंडई की ओर से क्रेटा के स्पोर्टी वर्जन के तौर पर एन लाइन को ऑफर ...और पढ़ें
-1768718044291_m.webp)
HighLights
टर्बो इंजन शहर और हाईवे पर बेहतरीन प्रदर्शन करता है
स्पोर्टी डिजाइन और डार्क इंटीरियर इसे खास बनाते हैं
लंबी ड्राइव पर भी ड्राइवर को पूरा कंट्रोल मिलता है
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। भारत में एसयूवी सेगमेंट के वाहनों को काफी ज्यादा पसंद किया जाता है। इसी कारण सभी निर्माताओं की ओर से इस सेगमेंट में कई बेहतरीन विकल्प ऑफर किए जाते हैं। लेकिन इस हुंडई की ओर से ऑफर की जाने वाले क्रेटा को N Line वेरिएंट में भी ऑफर किया जाता है। हुंडई की इस एसयूवी को हमने कुछ दिनों तक चलाकर देखा और करीब दो से तीन हजार किलोमीटर के दौरान इसे कई तरह से परखने की कोशिश की। सामान्य क्रेटा के मुकाबले एन लाइन वर्जन को खरीदना आपके लिए कितना फायदेमंद साबित हो सकता है या नहीं? हम आपको इस खबर में बता रहे हैं।

कैसा है Hyundai Creta का N Line वर्जन
हुंडई की ओर से मिड साइज एसयूवी सेगमेंट में क्रेटा को ऑफर किया जाता है। लेकिन इसके स्पोर्टी वर्जन के तौर इसे N Line के साथ भी ऑफर किया जाता है। निर्माता की ओर से इस वर्जन को ड्यूल टोन एक्सटीरियर के साथ ही कई कॉस्मैटिक बदलावों के साथ ऑफर किया जाता है। जो निश्चित तौर पर इसे एक स्पोर्टी वर्जन के तौर पर दिखाने की कोशिश करता है।

कैसा है एक्सटीरियर
हुंडई ने क्रेटा एन लाइन को डिजाइन में तो सामान्य क्रेटा की तरह ही रखा है। लेकिन इसमें कई जगह लाल रंग के एसेंट्स दिए हैं जो इसे एक स्पोर्टी एसयूवी की तरह दिखाने में मदद करते हैं। इससे न सिर्फ यह देखने में बेहतर लगती है बल्कि सड़क पर ट्रैफिक के बीच भी अलग पहचान बनाने की कोशिश करती है।

कैसा है इंटीरियर
निर्माता की ओर से इसके इंटीरियर में भी डार्क थीम का उपयोग किया है। जिसमें काले के साथ लाल रंग का मिश्रण किया गया है। इसमें एन लाइन की थीम पर ही लेदर अपहोलस्ट्री को दिया गया है। साथ में एन लाइन थीम वाला स्टेयरिंग व्हील और गियर लीवर भी दिया गया है जो सामान्य क्रेटा के मुकाबले हमें ज्यादा पसंद आया।

कितना दमदार इंजन
क्रेटा एन लाइन में 1.5 लीटर की क्षमता का टर्बो पेट्रोल इंजन दिया जाता है। जिससे इसे 117.5 किलोवाट की पावर और 253 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिलता है। इसके साथ छह स्पीड मैनुअल और सात स्पीड डीसीटी ट्रांसमिशन को दिया जाता है। हमने इसके छह स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन का अनुभव किया। इस दौरान हमें इंजन से काफी अच्छा प्रदर्शन मिला। ट्रैफिक के साथ ही खुली हाइवे की सड़कों पर भी यह एसयूवी इंजन के मामले में आपको निराश नहीं करेगी। इस एसयूवी के इंजन से जो पावर मिलती है वह अपने सेगमेंट में काफी बेहतरीन है। इसके साथ ही हाइवे पर इसकी माइलेज भी करीब 13 से 15 किलोमीटर प्रति लीटर के बीच रही। इसके साथ ही हर किसी के चलाने के तरीके पर भी यह निर्भर करता है कि वह गाड़ी से कितनी बेहतर माइलेज ले सकता है।
-1768717516462.jpg)
फाइनल वर्डिक्ट
हुंडई की ओर से ऑफर की जाने वाली क्रेटा के एन लाइन वर्जन को हमने करीब दो से तीन महीनों के दौरान दो से तीन हजार किलोमीटर के आस पास तक चलाया। इस दौरान हमें महसूस हुआ कि न सिर्फ हाइवे बल्कि ट्रैफिक के बीच भी इसे चलाने में ज्यादा परेशानी नहीं होती। टर्बो इंजन के कारण जब आपको ज्यादा पावर की जरुरत होती है तो यह एसयूवी आपको निराश नहीं करती। कम स्पीड के साथ ही तेज स्पीड में भी इस एसयूवी को चलाने पर ड्राइवर को पूरा कंट्रोल मिलता है। वहीं गियर बदलने में भी इसमें किसी तरह की परेशानी नहीं आती। हमने इसे दो से तीन हजार किलोमीटर तक इसे 100-110 किलोमीटर प्रति घंटे तक की स्पीड पर ही चलाया लेकिन अगर इसे इससे ज्यादा तेज स्पीड में चलाया जाए तो फिर इसकी कम माइलेज आपको निराश भी कर सकती है।
